Showing posts with label टीवी चिंतन. Show all posts
Showing posts with label टीवी चिंतन. Show all posts

Wednesday, June 11, 2008

सॉरी, साईं बाबा की बाइट मिस हो गई!

साईं बाबा बोल रहे थे। साक्षात। भक्त जनों को संबोधित कर रहे थे। वो दीवार से टिक कर खड़े थे। उनके दो सहयोगी उनके साथ थे। इस फ्रेम में थ्री-शॉट था। सिर्फ बाबा बोल रहे थे। बाक़ी दोनों खामोश थे। शरीर में कोई हरकत भी नहीं हो रही थी। साईं बाबा के भी सिर्फ होठ हिल रहे थे। बाक़ी पूरा फ्रेम फिक्स था। किसी चैनल का गन-माइक भी नज़र नहीं आ रहा था। ना ही बाबा के कुरते से झांकता लेपल माइक ही। पर बाबा बोल रहे थे। शायद कैमरा माइक पर। एक बाइट टाइट-फ्रेम में भी थी। अस्सी साल पहले तब टेक्नोलॉजी इतनी विकसित नहीं हुई थी। ना ही टीवी पत्रकारिता इस मुकाम पर पहुंची थी। तब बाइट लेने वाले को शायद साई बाबा की बाइट की अहमियत भी नहीं पता होगी। कोई स्ट्रिंगर टाईप रहा होगा। बाबा मिल गए तो ले लिया होगा। बिना किसी चैनल आइडी के। किस मीडिया हाउस के के काम आ जाए पता नहीं। सो आरकाइब कर लिया होगा।


अस्सी साल बाद ये टेप बाहर आया। इन अस्सी सालों में दुनिया ने बहुत तरक्की की। ख़ास तौर पर पिछले कुछ सालों में इंडिया में टीवी ने पत्रकारिता में कई झंडे गाड़े हैं। ख़बर को नीरस और उबाऊ होने से बचाया है। जितनी तरक्की प्रसारण तकनीकी में हुई है उससे कहीं ज़्यादा इन तकनीकी वरदानों को निर्देशित करने वालों का मानसिक परिष्करण हुआ है। यही वजह है कि अस्सी साल से धूल खा रहा साईं बाबा की बाइट वाला टेप बाहर निकल पाया। इंवेस्टिगेटिव कैटेगरी की पत्रकारिता भी इसे कह सकते हैं। इसी खोजबीन के बूते भक्त बाबा को बोलते हुए देख-सुन पाए। ये अलग बात है कि पहले इसे दिखा कर श्रद्धा और सबुरी से भरे दर्शकों का ध्यान खींचा। फिर थोड़ी देर बाद में इस टेप को ग़लत बताने लगे। अच्छा हुआ जल्द पता चल गया। नहीं तो कई दूसरे चैनलों के रिपोर्टरों की तो बस वाट लगने वाली थी। उनसे पूछा जाता कि तुम्हारे पुरखे क्या कर रहे थे जब बाबा बाईट दे रहे थे। वो वहां क्यों नहीं थे। क्या उनका पुश्तैनी पेशा कुछ और था... तो तुम इस पेशे में क्या कर रहे हो। जाओ। जहां से भी बाबा की बाईट लेकर आओ। नहीं तो दफा हो जाओ।



हालांकि ट्रांसफर टेक्नीलॉजी ने तेज़ी से अपनी जगह बना ली है। मेरे जैसे कई रिपोर्टर अब कई बार एक टेप लेकर शूट पर निकल पड़ते हैं। कैमरे की चिंता नहीं होती। अपने श्रमजीवी पत्रकार मित्र मंडली में कम से कम दो तो ऐसे मिल ही जाते हैं कि एक के कैमरे में टेप डाल दूसरे से ट्रांसफर ले लें। झंझट तब होता है जब किसी के सिंगल माइक पर बाइट हो। लेकिन बाबा की बाइट में ये समस्या भी नहीं थी। कोई आईडी थी ही नहीं। सो किसी को भी आराम से ट्रांसफर मिल जाता। वैसे भी ये आस्था को बेचने का मामला था। सो कोई एक्सक्लुसिव होने का भ्रम नहीं दे सकता था। जो जिस हिसाब से चलाना चाहते... चला सकते थे। चलाया भी। इस ख़बर से जैसे खेल सकते थे... खेला भी। ये तो अच्छा हुआ कि जिस मार्फिंग को उच्च पदस्थ पत्रकारों की पारखी नज़र नहीं पकड़ पायी उसे कंम्प्यूटर तकनीकी के कुछ जानकारों ने पकड़ा। फिर संपादकीय फैसले और एंकरों के प्रभावशाली हावभावों के ज़रिए आस्थावान दर्शको को बताया कि वो इस चक्कर में ना पड़ें। ना ही अपनी आस्था पर कोई चोट लगा महसूस करें। ये कोई अस्सी साल पहले रिकार्ड की गई साई बाबा की बाइट नहीं। कम्प्यूटर की कलाकारी का कमाल है। मिल गया तो दिखा दिया। जब रामायण काल में पुष्पक विमान सर्विस में था... तो 1920 के दशक में कैमरा-बाइट का होना इतनी अजीब बात भी तो नहीं!

Sunday, March 2, 2008

चैनलों के लिए आधे घंटे का मसाला!

भारत आस्ट्रेलिया के आज के मैच के दौरान एक दर्शक नंग धरंग मैदान में घुस आया। सुरक्षाकर्मियों ने तौलिया लपेट कर उसे बाहर निकाला। इस घटना के बाद मैदान पर दर्शकों के व्यवहार के बहाने न्यूज़ चैनलों के लिए विशेष दिखाने का अच्छा मौक़ा है। देखते हैं कौन सा चैनल मैदान मारता है!

Thursday, January 24, 2008

...मगर शर्म मुझको आती नहीं!

मान लीजिए कि मैं एक टीवी-संपादक हूं। आज मैं अपनी कहानी सुनाता हूं। इसका पात्र 'मैं' काल्पनिक है। इसे किसी और से जोड़ कर मत देखिएगा। जिससे भी जोड़िएगा उसको अच्छा नहीं लगेगा। समानता संयोग से हो सकती है पर उससे तो बिल्कुल भी मत जोड़िएगा जिसकी ज़िंदगी मेरी इन पंक्तियों के सबसे नज़दीक लगे।

तो मैं अपने बारे में बता रहा हूं। ना तो मैं जाट की तरह क़ाबिल हूं और ना ही बनिए की तरह बुद्धिमान। मैं ठाकुर हूं। नंग-धरंग ठाकुर। दिमागी तौर पर शून्य। पर जुगाड़ों के ज़रिए सीढ़ियां चढ़ता गया। मामूली कर्मचारी से खुद-मुख्तारी की हैसियत पाल ली। आज भी कई लाईन में लगे हैं। लेकिन जब मैंने रैकेटिंग शुरु की तब वक्त कुछ और था। ये मीडियम नया-नया था। लोगों की कमी थी। अच्छे लोगों की तो और भी। पर मुझे मौक़ा मिलता गया। जहां मौक़े बंद होते दिखाई दिए अपने तिकड़मी दिमाग से मैंने नये मौक़े बना लिए। एक डाल से उछलता दूसरी डाल पर कूदता गया। नित नई दुकानें खुलती गईं और उनके ज़रिए मैं कमाता गया। जिनको मुझमें फायदा नज़र आया वो मुझ में इंवेस्ट करते गए। चाहे वो नेता हों या प्रापर्टी डीलर या किसी राज्य का सीएम। वो मुझ पर दांव लगाते गए। मेरा इस्तेमाल करते गए और मैं उनका इस्तेमाल करने की फिराक में लगा रहा।

फिर वो वक्त आया जब मिल्कियत मेरे हाथ में आ गई। कलम चलाने से ज़्यादा कुछ भी दिखाने की मिल्कियत। मैं एक टीवी संपादक बन गया। उम्र मेरी कम नहीं है। पर मेरी त्वचा से मेरी उम्र का पता नहीं चलता। लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि मुझे वक्त के पहले और क़ाबिलयत के खिलाफ मौक़ा मिला। क्रेडिट गोज़ टू माई एब्लिटी ऑफ रैकेटिज़्म। सेल्फ प्रमोशन। दूसरों की ज़रुरत को समझते हुए अपने को पेश करने की, अपने को सेल कर पाने की क़ाबिलियत।

तो मैं टीवी संपादक बन गया। नहीं बनता तो कहीं अंडा भुर्जी बेच रहा होता। बगल के दुकानदारों से अपनी दुकादारी ज़्यादा चमकता। बिल्कुल सफाई के साथ... और अब तक साउथ दिल्ली में एक रेस्टोरेंट का मालिक बन चुका होता। पर क्योंकि मैंने ये पेशा अपनाया तो मैं संपादक ही बन सकता था। सो बन गया। अब मैं कुछ भी दिखा सकता हूं। किसी के बेडरुम से लेकर फर्ज़ी सेक्स रैकेट तक। मेरे जैसे और भी कई हैं जो सी़ढियां चढना चाहते हैं। इंटर्न से रिपोर्टर...रिपोर्टर से सीधे संपादक बनना चाहते हैं। बिना सैलरी के काम करने को तैयार हैं। कमा वो बाहर से लेते हैं। उनका स्टिंग दिखाने के काम आ जाता है।

हालांकि रिपोर्टर के तौर पर मेरी शुरुआत इतनी धमाकेदार नहीं रही थी। पर संपादकत्व की ओपनिंग अच्छी रही है। लोग जानने लगे हैं। मेरा इंटरव्यू भी छपने-दिखने लगा है। पत्रकार के तौर पर कभी किसी से खुद क़ायदे का सवाल नहीं पूछ पाया। इसलिए अब कोई मुझे क़ायदा समझाता है तो समझ नहीं आता। कभी अपना बचाव कर लेता हूं तो कभी दूसरों की ग़लतियां गिना अपने किए को जस्टिफाई करने की कोशिश करता हूं। निजी बातचीत में कहता हूं बदनाम हुए तो क्या... नाम तो ही ही रहा है ना। नहीं तो अबतक कौन पहचानता था मुझे। और अब पहचान भी गए हैं तो कौन क्या बिगाड़ लेगा। जिसका बिगाड़ना था मैंने बिगाड़ दिया। जनमानस को भड़का दिया। मेरी असलियत खुल ही गई तो क्या। पब्लिक थोड़े ही मुझे पीटने आएगी। वैसे भी पब्लिक मेमोरी शार्ट टर्म होती है। कल कुछ और दिखा देंगे। पुलिस वाले मेरा क्या बिगाड़ेंगे। मैं प्रेसवाला हूं। यक़ीन ना हो तो मेरी गाड़ी के आगे पीछे के शीशे पर लिखा देख लीजिए। शर्ट एक रुपये में प्रेस करता हूं और पैंट डेढ़ रुपये में। किसी की करवानी है तो आप भी संपर्क कर सकते हैं। रिपोर्टर बनाने की गारंटी मेरी।

मुझसे सामाजिक ज़िम्मेदारी की उम्मीद रखने वाले सावधान। मैं टीवी संपादक पहले हूं। मुझे अपनी दुकान चला देनदारों का ऋण चुकाना है। 'मेनस्ट्रीम मीडिया' को बेशक मुझसे घिन आती हो। पब्लिक अब बेशक छी छी कर रही हो... पर शर्म मुझको आती नहीं। आपको आती हो तो जा.. खुशी से खुदकुशी कर ले...

Thursday, January 10, 2008

पत्रकार ही नहीं... इंसान भी होने का अहसास!

लाहौर में धमाके की जैसे ही ख़बर आयी मैं उन दोस्तों का नंबर मिलाने लगा जो लाहौर में हैं। हम पत्रकार हमेशा उन्हीं को फोन करते हैं जिनसे कोई ख़बर मिलने की उम्मीद होती है। लंबे वक्त बाद आज पहली बार ऐसा महसूस हुआ कि मैं भी इंसान हूं। बेतहाशा फोन मिला रहा था। आफिस में था। पाकिस्तान पर ही अपनी एक रिपोर्ट को एडिट करा रहा था। इसी बीच इंपुट पर बैठीं अदिति भाल ने इत्तिला दी कि शायद लाहौर में कुछ धमाका हो गया है। पता करो। मुझे हमेशा ख़बर की भूख होती है। पर आज जो पहले चार नंबर मिलाए वो ख़बर के लिए नहीं था। सच में। अमीन हफीज़। जियो टीवी के पत्रकार। कैसे उनसे दोस्ती हुई वो लंबी कहानी है। पर पहला नंबर उनका मिलाया। मिला पर कोई रेस्पांस नहीं। फिर मिलाया। आपके मतलूबा नंबर से जवाब मौसूल नहीं हो रहा। फिर मिलाया। वही जवाब। शाहवाज़ का नंबर ट्राई किया। वो स्पोर्ट्स देखता है। फिर भी इस उम्मीद से कि शायद वो बता पाए कि अमीन कहां है। पर नहीं मिला। बार बार कोशिश की। मुश्किल। लाहौर पुलिस के पीआरओ अतहर खान का नंबर भी नहीं मिल रहा था।

फिर इस्लामाबाद में आसमा शिराज़ी को फोन मिलाया। बिज़ी। पर एकाध कोशिश के बाद वो लाईन पर थीं। छूटते ही बोलीं आठ मरे हैं। ज़्यादातर पुलिसवाले हैं। फिदायीन अटैक है। पुलिस को निशाना बनाया गया है। मैंने कहा आज ख़बर के लिए नहीं... दोस्तों का हाल जानने फोन किया है। ख़बर तो डाऩ और पीटीवी पर आने लगी है। ये बताएं वहां रैली होने वाली थी। पत्रकार दोस्त भी होंगे। कैसे हैं सभी। आसमा ने कहा कुछ नहीं कह सकते। अभी पूरी डिटेल नहीं आयी है। ये एआरवाई चैनल की होस्ट वही आसमा हैं जिन्होने मुझे बेनज़ीर की मौत को सबसे पहले कंफर्म किया था। जिसके आधार पर मैं आफिस को घर बैठे मेल कर पाया था कि बेनज़ीर की मौत हो गई है। पर आज उस आसमा के पास भी पूरी जानकारी नहीं थी कि किसे क्या हुआ है। दिक्कत उनकी नहीं...मेरी थी। फिर अमीन का नंबर ट्राई किया। इस बार बिज़ी आया। तसल्ली मिली कि उसका मोबाईल इस्तेमाल में है। दुआ किया कि वही कर रहा हो।

इसके बाद अपने काम की आपाधापी में खो गया। उससे निपट के फिर ख़्याल आया। फोन मिलाया। उसकी चिरपरिचित आवाज़। हलो नौजावान...माई लव...हाउ आर यू। मैंने कहा लगता है खाना खा रहे हो। खा लो। कल बात करते हैं। उसने कहा ओके माई लव। टेक केयर। जो शायद मैं कहना चाहता था।

Monday, September 3, 2007

रवीश जी, मुझे भी जाना है स्वर्ग की सीढ़ी तक

(इन बेतुकी पंक्तियों को पढ़ने के पहले कस्बा पर रवीश का लिखा पत्रकारिता का स्वर्ग काल पढ़ें। तभी आप इसे पूरे कंटेक्स्ट में इसे समझ पाएंगे। शुक्रिया)

आदरणीय रवीश जी,

मुझे जलन हो रही है। आखिर मैं क्यों नहीं पहुंचा स्वर्ग की सीढ़ी तक। मुझे क्यों नहीं एसाईन किया जाता इस तरह के काम के लिए। क्यों बार बार नरक दिखाने के लिए ही कहा जाता है। वो भी वो नरक जो इसी धरती पर है...अपने इसी महान भारत देश में। अभी अभी बाॅडी बिल्डर सलमान खान जोधपुर जेल में नरक की ज़िंदगी बिता रहे थे। बिना एसी कूलर के। न बढ़िया खाना और ना छरहरी-भरीपूरी लड़कियों के साथ नाचना गाना... एक चिंकारा को गोली क्या मारी, रह रह कर ज़िंदगी नरक हो जाती है। उनकी नरक की ज़िंदगी को कवर करने मैं वहां था। सलमान में और मेरे में अंतर सिर्फ इतना था कि वो जेल में क़ैद थे और मैं जोधपुर शहर में। वो सात दिन रहे और मैं दस दिन। वो मुंबई लौटे तो हज़ारों समर्थकों की हौसलाअफ़ज़ाई ने उनके मिजाज़ को स्वर्ग सी अनुभूति दी होगी। पर मुझे स्वर्ग की सीढियां नसीब नहीं।

बात सिर्फ इसी नरक की नहीं है। पिछले दिनों बुंदेलखंड में था। पानी के बिना यहां लोगों की ज़िंदगी नरक है। कुंए और गढ्ढों में जमा कचरा पानी पीते हैं। पानी के लिए महिलाएं कई-कई किलोमीटर तक चलती हैं। हमें भी चलना पड़ा। उनकी नरक की ज़िंदगी जानने और दिखाना के लिए हमें नरक के दरवाज़े तक जाना पड़ा। पर क्या मुझ में इतनी क़ाबिलियत नहीं कि कोई मुझे भी स्वर्ग के मुहाने तक जाने दिया जाए।

यहां कब तक गोहाना के दलितों, विदर्भ के किसानों, झारखंड के आदिवासियों, सरकारी अस्पताल में दाखिल मरीज़ो ब्ला... ब्ला... ब्ला... की नरक सी ज़िंदगी दिखाते रहेंगे। क्या फायदा उसका। वो तो नरक में ही हैं और रहेंगे... सोच के बेतुकेपन से हमारी भी ज़िंदगी रह-रह कर नरक हो जाती है। एक नारकीय रिपोर्ट खत्म नहीं होती कि दूसरी आ जाती है। आखिर क्या हमने ठेका ले रखा है नारकीय चीज़ें दिखाने का। क्या सिर्फ यही पत्रकारिता है। नहीं। पत्रकारिता का स्वर्ग काल कुछ और है।

जिसके पास जो होता है उसका उसमें इंटरेस्ट कम हो जाता है। जिनकी नारकीय ज़िंदगी हम दिखाते रहते हैं, उनका खुद का उसे देखने में दिलचस्पी नहीं। वे ऊब चुके हैं उससे। वो ये देखना चाहते हैं कि किस तरह संजय दत्त भगवान की भक्ति कर जेल से बाहर आए और नरक में दुबारा नहीं जाने के लिए मंदिर मंदिर घूम रहे हैं। शायद वो सोचते हैं कि न्यूज़ चैनल पर ही सही, आस्था का प्रोग्राम देख कर उनकी ज़िंदगी भी नरक से निकल आएगी। स्वर्ग की सीढ़ी तो उनके लिए रामबाण है। पाॅजिटिव स्टोरी है। दिखाना चाहिए। उस सीढ़ी तक आने-जाने का खर्चा भी बताना चाहिए। कांवर लेकर तपती सड़क पर चलने वाले कई भक्त हैं जो कंबल ओढ़ कर वहां पहुंच जाएगें। हमारी स्टोरीज़ उनको नरक से नहीं निकाल पाती लेकिन इस एक कोशिश से वो स्वर्ग के सोपान तक पहुंच जाएंगे।

आपने बताया कि द़ौपदी ने डर के आपको फोन कर आॅफ द रिकार्ड बात की। मतलब कोई बाईट नहीं मिली। तो क्या हुआ। पैकेज तब भी बना सकते हैं। द़ौपदी से मिली जानकारी के आधार पर स्वर्ग का रीक्रिएशन कर तो दिखा ही सकते हैं। स्टिंग ठीक नहीं होगा, पर एक फीचर तो बना ही सकते हैं। एंकर आप ही करेंगे। वैसे भी अब तक आपने ज़िंदगी की इतनी तरह के नारकीय आस्पेक्ट को कवर कर लोगों तक पहुंचाया है कि आप भी थोड़ा चेंज चाहते होगें। मुझे जब तक मौक़ा मिले तब तक हो सकता है कि बहुत देर हो जाए। पर आपके पास अपना बजट है।

आप चाहें तो अपनी स्पेशल रिपोर्ट भी बना सकते हैं। स्वर्ग में मध्यम वर्ग है या नहीं। है तो किस हाल में है। लोन लेकर कार खरीद रहा है कि नहीं। यहां का सतपाल कहीं वहां जा कर सत्या पाॅल तो नहीं बन गया। वहां 'हैव और हैव नॅाट' के बीच का फर्क कितना है। क्या दलितों की सोसाईटी स्वर्ग में है या नहीं। बड़ा सवाल तो ये कि क्या किसी दलित को स्वर्ग में जगह मिली भी या नहीं। या धरती पर नरक काट काट कर गए को वहां भी नरक में धकेल दिया गया है। वहां रिजर्वेशन का क्या हाल है। मामला सुप्रीम कोर्ट में है या सरकार के पास। सवाल बहुतेरे हैं। पर ठहरिए... इन सवालों पर रिपोर्ट करेंगे तो टाईप्ड लगेंगे। कुछ अलग तरह से करना होगा। स्वर्ग के उस प्रभामंडल को बनाए रखना होगा जिसकी वजह हर कोई स्वर्ग जाना चाहता है। ये जानते हुए की भी शरीर छोड़ने के बाद ही जा सकता है...लालच कम नहीं होती। 'धरती पर अगर कहीं स्वर्ग है तो यहीं है...यहीं है...यहीं है' को तो हम सबने कच्ची पक्की स्टोरीज़ कर कर के झुठला ही दिया है। तो, अब तो जो 'स्वर्ग है वो वहीं है...वहीं है...वहीं है...' और इसे बना रहने देने में ही भलाई है। स्वर्ग जाने की लालच रखने वालों की भी और उसकी सीढ़ियां ढुंढ़वाने वालों की भी।

एक बार सीढ़ी का पता चल गया है तो इंवेस्टिगेशन का आधा काम तो हो ही गया है ना। दूसरे की ख़बर टीप कर दिखाने में कोई हर्ज थोड़े ही है। शूट ना करना चाहें तो ट्रांसफर ले लेंगे। वैसे भी स्वर्ग की स्टोरी में रिसर्च की ज़रुरत नज़र नहीं आती। कुछ भी कह देंगे...दिखा देंगे, यहां लोग हाथों हाथ लेंगे। अभी तक के कामों की वजह से शायद ही किसी ने आपका आॅटोग्राफ मांगा हो। पर एक बार अगर आपने अपने अंदाज़ में स्वर्ग पर स्पेशल रिपोर्ट कर दी तो फिर आप रब और ईश के दूत के तौर पर देखे जाने लगेंगे। आपके नाम रवीश की नई व्याख्या होगी। ट्रैकिंग का शौक भी पूरा हो जाएगा। इनविजीबल इंडिया दिखाने के लिए हो सकता है कि पत्रकारिता का एक और पुरस्कार ही मिल जाए।

पर एक बात मत भूलिएगा। मुझे भी जाना है स्वर्ग की सीढ़ी तक!

(ये रचना रवीश के व्यंग्य का विस्तार मात्र है। समानता संयोग से हो सकती है। इसके लिए लेखक ज़िम्मेदार नहीं है। किसी भी विवाद का हल स्वर्ग की अदालत में होगा।)

Thursday, July 26, 2007

हिन्दी टीवी पत्रकारिता और पाकिस्तान में फ़र्क है

बहुत बहस चल रही है। बड़े विचार दिए जा रहे हैं। मोहल्ला से लेकर कस्बा तक। सारी बातें सच हैं। कई झूठ समेटे हुए। मैंने भी इस पर विचारा और लिखा है। टीवी चिंतन : ख़बर पर नज़र काफी पहले लिखा। कोई कालजयी रचना नहीं है। पर आपको आज भी सच लग सकती है क्योंकि हालात बदले नहीं हैं। कुछ विवाद भी हुआ जब मैंने लिखा और मोहल्ले ने छापा क्‍या टीवी संपादक मदारी हो गये हैं ?

दिलीप मंडल ने पूछा कब था पत्रकारिता का स्‍वर्ण काल? शायद ये जताने की कोशिश की कि हर समय हर तरह की धारा चलती रही है। लेकिन शायद वो भूल रहे हैं कि मानस और तकनीकी परिष्करण के एक अलग-अलग युग रहे हैं। पिछले का हवाला देकर अगले को नहीं बांध सकते। निश्चित ही पत्रकारिता का कभी कोई स्वर्ण काल रहा और ना होगा। लेकिन ख़ासतौर पर आज की टीवी पत्रकारिता के संदर्भ में दूरदर्शन का हवाला देकर खुश नहीं हुआ जा सकता। इतराया नहीं जा सकता। मौजूदा हालात पर रवीश ने कहा हिंदी पत्रकारिता का प्रश्न काल । मैं कह चुका हूं शैशवकाल और संक्रमण काल। संदर्भ बेशक बदल जाते हों पर वे एक ही अर्थ रखते हैं।

पर इन कालों के विचार के बीच हमारे सामने सबसे बड़ा सवाल है कि ये बदलेगा कब। बदलेगा कौन। बदलेगा कैसे। मैं किसी एक चैनल के न्यज़ रुम में कुछ बदलाव की बात नहीं कर रहा हूं। उसके फैसले लेने वाली कोटरी के कुछ चेहरे बदलने की बात भी नहीं कर रहा हूं। क्योंकि कमोबेश सब एक जैसे लगते हैं। कोई यहां से वहां चला जाता है कोई वहां से यहां और कुछ नए झंडे बैनर के तले आ जाते हैं। इसलिए बदलाव की ये बात व्यापक परिपेक्ष्य की है। फैसले लेने और व्यवस्था तय करने की हालत में पहुंचने तक या उसके बाद कई क्रांतिकारी-समाजवादी भी पूंजीवाद के शिकार हो जाते हैं। इसलिए मैं हम सबके के अंदर बदलाव की बात कर रहा हूं। हम... जो इस मीडियम में काम करते हैं। हम में से कुछ हैं जो उसूलों, मापदंडों की बात करते हैं। मैं भी करता हूं। ये सब सुनने में बड़ा अच्छा लगता है। लेकिन देखने वाली बात है कि क्या पृष्ठभूमि तैयार हो रही है। हां तो कौन कर रहा है। अगर सिर्फ विचारों की बात है तो विचार कहां तक फैल रहा है। हमारे साथ के कितने लोग उससे प्रभावित हो रहे हैं। बेहतरी के लिए कौन-कौन साथ जुड़ रहे हैं। कोई आत्मचिंतन को विवश भी हो रहा है या नहीं।

किसी चैनल का न्यूज़ रुम अब पाकिस्तान तो है नहीं कि एक रात सैनिक उठेंगे। कुछ संपादक के कमरे में बैठ जाएगें। कुछ पीसीआर में जाकर आॅन एयर जाने वाले कमांड अपने हाथ में ले लेगें। कुछ आउटपुट पर कब्ज़ा कर लेगें। कुछ भूत पिशाची और नंगी काया की नाच वाली स्टोरीज़ को 'ब्लू' करना शुरु कर देगें। कुछ टेप लाईब्रेरी में जाकर नागनागिन वाले आर्काईव्स को मिटाना शुरु कर देगें। और मुशर्रफ की तरह घोषणा कर देगें कि मुल्क... मतलब हिन्दी टीवी पत्रकारिता को अब हम अपनी सोच के हिसाब से चलाएगें। इस तरह से हिन्दी टीवी पत्रकारिता का मौजूदा औघड़ युग बीत जाएगा। किसी के लिए अच्छा होगा तो किसी के लिए बुरा पर ये मीडियम बदल जाएगा। नहीं। ऐसा ऐसे नहीं होगा।

पत्रकारिता को इसके मौलिक सरोकारों की तरफ वापस ले जाना है तो इसके लिए बड़े फोरम पर बहस से भी काम नहीं चलेगा। एक हालिया बहस में जब ऐसे सवाल उठे तो टीवी पत्रकारिता के महानायक समझे जाने वाले ने पतली गली वाला जवाब देना बेहतर समझा। पश्चिम में भारत की छवि सांप सपेरों के देश की रही। इससे हम मुश्किल से उबरने लगे थे। लेकिन हिन्दी पत्रकारिता के कुछ हरकारों ने आवाज़ लगा लगा कर वो दिन दुबारा ला दिए लगते हैं। ये इसे अंग्रेज़ी में नहीं चलाते क्योंकि ऐसा करने पर, अपने उठने बैठने वालों के बीच ही, इनकी पैंट उतर जाएगी। और हिन्दी वालों की नज़र में ये महान हैं सो कोई पूछता नहीं। समस्या हिन्दी व्यूअर्स के च्वाईस की उतनी नहीं जितनी इनके पूअर व्यूज़ की है। बेहतर च्वाईस पेश करने में दिमागी नाकामी की है। इनकी ये हालत है इसलिए नेता भी चढने लगे हैं। किसी मुश्किल मुद्दे पर अपनी गर्दन बचाने के लिए नेता खुलेआम पत्रकारों से प्रतिप्रश्न करने लगे हैं कि 'इस सवाल में क्या रखा है...क्यों पूछ रहो हो... ये क्या टीआरपी देगा।'

उच्च पदस्थों और नीति नियंताओं को भलाबुरा कहना भी ठीक नहीं। मुझे तो दुख तब ज़्यादा होता है जब में अपने बीच के युवा टीवी पत्रकारों को भुतही भाषा में बात करता देखता हूं। किसी मौक़े पर जो कोशिश उसे व्यवस्था-विरोध की एक अच्छी ख़बर दे सकता है उससे वह झट... 'आन द स्पाट' ही ये कह कर निकल लेता है कि 'ये हमारी यहां नहीं चलेगी। एनडीटीवी पर ही चल सकती है।' अब सभी चैनल तो एनडीटीवी नहीं हो सकता जहां उसूलों को महत्व दिया जाता है। रात आठ बजे जहां कई चैनलों पर एक साथ राखी सावंत नाच रही होती है या फिर ज्योतिष भविष्य के फरेब में दर्शकों को फांसे होते हैं...वहीं विनोद दुआ ठसक के साथ ख़बर पढ़ रहे होते हैं। ख़बरदार कर रहे होते हैं। वैसे ये तो बहुत दूर की बात हो चुकी है। कई चैनलों की हालत तो ऐसी है कि उससे जुड़ा अच्छा से अच्छा पत्रकार भी अपनी किसी ख़बर को लेकर अपने दफ्तर को इंसिस्ट भी नहीं करता। समझाने की कोशिश भी नहीं करता। हो सकता है कि पहले कभी किया हो। अब ये मान बैठा हो कि कुछ नहीं हो सकता। पर इसका मतलब ये तो नहीं कि छोड़ दें।

कुछ तो ट्रेन से ही कूद कर भाग लिए अपनी जान बचाने। पत्रकारिता को जर्जर पुल करार देते हुए। बाकी जनता को उसी जर्जर पुल के सहारे गुज़रने को अभिशप्त छोड़। और फिर शान से एक भगोड़े मीडियाकर्मी का बयान देते हैं। अरे नहीं भाई। रेस्ट इफ यू मस्ट बट डोंट यू क्विट...वापस आ जाओ। मज़बूत खंभा बनो। पुल को मज़बूती दो।

Tuesday, June 19, 2007

'असली भूत...देखिए रात 9बजे...सिर्फ इसी चैनल पर...'

रवीश ने 'कस्‍बा' पर एक व्यंग्य लिखा है। उनके भू-चु चैनल की मार्केट खराब करने के लिए मैं यहां कुछ लिख रहा हूं। पढ़िएगा फिर फैसला कीजिएगा।

प्यारे दर्शकों,

रवीश जी की बातों पर मत जाना। भू-चु जब आएगा तब आएगा। कितना चल पाएगा नहीं चल पाएगा वो भी पता नहीं। वो कह रहे हैं कंपिटीशन नहीं है। अरे कंपिटीशन कितना है चैनल चलाने वाले हमारे कुछ दोस्तों से पूछो। वे फेस कर रहे हैं।

कुछ प्रापर्टी डीलरों से पैसा लेकर हमारे एक दोस्त ने एक 'न्यूज़ चैनल' खोला है। सोचा बिजनिस में नया हाथ मारेगें। पूंजी कम थी सो सुनसान इलाके में दफ्तर खोलना पड़ा। दोस्त ने बताया कि एक दिन रात को लाईव था। एंकर सवाल करती गई। कैमरे की तरफ से मेंढ़क और झिंगुर की आवाज़ें आतीं रहीं। रिपोर्टर सेट पर नहीं पहुंचा था। एंकर को टाॅक बैक ठीक से नहीं मिल रहा था। उसे लगा आडियो चैनल वन पर एंबिएंस आ रहा रहा है तो चैनल टू पर रिपोर्टर की भी कुछ ना कुछ आवाज़ आ ही रही होगी। इसी गफलत में सब कुछ चलता है। ब्लैक फ्रेम दिखता रहा। दोस्त ने रिपोर्टर को सज़ा के तौर पर नौकरी से निकाल दिया। लगा कि इस तरह रिपोर्टिंग करेगा तो नये चैनल की तो भद ही पिट जाएगी।

पर उस हफ्ते की टीआरपी ने दोस्त की आंखे खोल दी। उस रिपोर्टर-रहित लाईव ओबी के दौरान दोस्त के चैनल की टीआरपी 55 पार थी। ज़्यादा लगे तो ठीक ठीक लगा लेना। दोस्त ने उस रिपोर्टर को बाईज्ज़त वापस बुलाया। कहा कुछ करने की ज़रुरत नहीं। सुनसान-श्मशानी इलाकों में घूमते रहो। जब तक कुछ ना दिखे तब तक रिपोर्ट फाईल करते रहो। भूतों की ऐशगाह। चुड़ैलों का डेरा। बिजिनेस चल निकाला। एक दोस्त ने शुरु किया तो बाकी भी पीछे हो लिए। अब रवीश भी मैदान में कूदना चाहते हैं। और कहते हैं कंपिटीशन नहीं है।

कंपिटीशन तो अभी ही इतना हो गया है कि दोस्त के भूत को दूसरे चैनल वाले ले उड़ रहे हैं। लाईनअप हमारे दोस्त का होता है पर कैमरा किसी और का पहुंच जाता है। एक रिपोर्टर को तो हमारे दोस्त ने भूत की स्टोरी का ट्रांसफर दूसरे चैनल के कैमरापर्सन को देते हुए पकड़ा। निकाल दिया। आजकल तो हमारा दोस्त अलसुबह ही ओबी वैन निकाल देता है। रिपोर्टरों से कहता है जाओ भूत ढ़ूंढों। लाईव करेगें। जहां थोड़ा भी जंगल-झाड़, पुरानी हवेली टाईप चीज़ नजर आती है... मनोहर कहानी स्टाईल में शुरु हो जाने को कहता है।

पुराने किलों और हवेलियों पर आर्कियोलाॅजिकल सर्वे आॅफ इंडिया वालों की निगाह बेशक ना पड़ी हो। हमारी पड़ गई है। एएसआई वालों को भी एक दिन दिन में भूत दिखा गया। लेकिन परेशान होने की बजाए वो खुश थे। दोस्त को फोन किया। बोले कोई ख़बर दिखाने वाला चैनल पहुंच जाता तो कहता कि एएसआई की कोताही देखो। ऐतिहासिक धरोहर को संजो कर नहीं रखा। ईंट ईंट बिखड़ रहा है। बाल की खाल निकालते। अच्छा हुआ आपके रिपोर्टर आए। भूत पर फोकस किया। पर आपको इतना इंटीरियर में जाने की क्या ज़रुरत थी। हमें बोल देते। लाल किला, कुतुब मीनार, पुराना किला...हुमायूं टॅाम्ब... कई जगहों को तो हमने वैसे भी अपने हाल पर छोड़ा हुआ है कि खंडहर बन गया है। थोड़ी और कोताही कर देते तो आपको भूत-बेताल ही नहीं प्रेत-पिशाच भी यहीं मिल जाते। ख़ैर अब डील हो गई है। वे हमारे दोस्त के चैनल के लिए भूत पैदा करेंगे। मुगलकाल के भूत। कुषाण काल और सातवाहन के ज़माने के भूत। मौर्यकाल और गोल्डन एरा यानि गुप्तकाल और मुगलकाल के भूत भी। साउथ इंडिया से रिपोर्टें फाईल होगीं चोलों के काल के भूत की। पल्लवों के काल के भूत की। पर ये सभी भूत आपको दिखाई नहीं ना पड़ें तो आप मज़ाक ना उड़ाना। जो दिख ही गया तो भूत कैसा। भूत की सैंक्टिटी भी तो बचा कर रखनी है ना।

हमारा दोस्त तो अपने चैनल के लिए अपना पैनल तैयार कर रहा है। किस तरह के भूत पर किस तरह की मशानी शक्ति काम करेगी। कौन सी चुड़ैल किस जोगन से भागेगी। रिसर्च चल रहा है। और भागना दिखाना है तो पहले बुलाना पड़ेगा। पहले एक अच्छे गेस्ट के लिए मारामारी-मगज़मारी होती थी। अब अच्छी चुड़ैलों के लिए होगी। वो दिन दूर नहीं जब एक ही चु़ड़ैल आपको अलग अलग कोट पहने कई स्टुडियो में दिखाई पड़ेगी। पर दोस्त ने वादा किया हैं कि हम सबसे पहले आपको दिखाएगें। बिना एक पल गंवाए। बिल्कुल तेज़ी से। चाहे जो भी क़ीमत चुकानी पड़े।

मैं तो अपने मुंह सिर्फ एक दोस्त की बड़ाई करता जा रहूं हैं। पर ईमानदारी से बताउं तो आपके पास कई विकल्प भी मौजूद हैं। एक तरह के भूत से मन भर गया है तो बस एक रिमोट की दूरी पर दूसरा भूत मिल जाएगा। दबाने भर की देरी है। सांप का बिल भी मिलेगा और नाग नागिन भी। बाबा का चमत्कार भी। कहने का मतलब कि रवीश जी के प्रस्तावित भू-चु चैनल से कहीं बेहतर चींज़े अब भी एवलेबल है। बिल्कुल लाईव। फिर भू-चु का क्या औचित्य। इंतज़ार कैसा।

'तेरा भूत मेरे भूत से सफेद झूठ जैसा! असली भूत सिर्फ हमारे पास! बस देखते रहिए'

आपका
भूतख़बरी

Wednesday, May 2, 2007

टीवी चिंतन : ख़बर पर नज़र

उमाशंकर सिंह

ख़बरिया चैनलों के ख़बरों के चयन, उसकी प्राथमिकता, दर्शकों से उसके सरोकार और उन पर उसके असर को लेकर अक्‍सर छिटपुट चर्चा सुनने को मिलती है। क्‍या होना चाहिए और क्‍या हो रहा है, इस पर विमर्श शुरू तो हुआ है, लेकिन जो जैसा कर रहा है वो उसी को न्‍यायोचित ठहराने की कोशिश करता नज़र आता है। इसलिए इस विमर्श में शामिल हो कर भी चिंतक कम और अपने को बचाने यहां तक कि अपने को थोपने की कोशिश भर में जुटा रह जाता है। दूसरा पक्ष वो है, जो कतिपय कारणों से वैसा नहीं कर पाता, जैसा कई दूसरे कर रहे हैं, तो उसे बिलो स्‍टैंडर्ड साबित करने में तनिक भी क़सर नहीं छोड़ता और खुश होता रहता है। टीवी पत्रकारिता से जुड़े ऐसे लोगों की अपनी एक दुनिया है। हालांकि मॉनसून की फुहार इन्‍हें भी ललचाती है... चलती गाड़ी में बलात्‍कार इन्‍हें भी सताता है... भूत पिशाच के किस्‍से इन्‍हें भी डराते हैं, क्‍योंकि कई चैनलों की टीआरपी यही बढ़ाते हैं। इसलिए अपराध कथाओं से बाहर निकल कर भी उनका द्वंद्व झलक ही जाता है। टीआरपी की दरकार कहीं न कहीं उन्‍हें भी है।

दिक्‍कत यही है। जो विमर्श भारतीय टीवी पत्रकारिता को मौजूदा संक्रमण काल से निकाल कर आगे की ओर ले जाने के लिए होना चाहिए, वो टीआरपी रेटिंग्‍स और कौन किसको देख रहा के आसपास ही घूम कर रह जाता है। एक कहता है कि हम वो क्‍यों न दिखाएं, जो पब्लिक देखना चा‍हती है। जो उसमें दिलचस्‍पी पैदा करती है। और वो क्‍या करती है... मीका-राखी के चुंबन दृश्‍य। आधे-आधे घंटे का शो रन-डाउन भर भर के। कुछ ऐसी कहानियां तो दर्शकों की दिलचस्‍पी को भी आगे ले जाती है। जुगुप्‍सा जगाती है। सेक्‍स आखिर जीवन का मूल है। फ्रायड ने भी कहा और ओशो का तो पूरा दर्शन ही उस पर आधारित है। सेक्‍सी कहानियों से दर्शकों को लुभाने की कोशिश एक तरफ, तो भूत-पिशाच और ख़ौफ़ दिखा कर दर्शकों को बांधने की कोशिश भी उसी तरफ।

दूसरी तरफ क्‍या है। बड़े लोगों की रातों की रंगीनियां। चिल आउट। सेक्‍स यहां भी है। लेकिन हर रन डाउन में नहीं। रिफाइंड तरीक़े से। तहज़ीब के साथ।

भूत-पिशाच, सेक्‍स अपराध और फिल्‍मों की मायावी दुनिया इन सबको निकाल दें तो 24 घंटे के न्‍यूज़ चैनलों में आख़िर बचता क्‍या है। कुछ राजनीति ख़बरें, जो नेताओं के बयानबाज़ी से आगे कभी कभार ही बढ़ पाती है। कुछ क्रिकेट और फुटबॉल का जुनून। कई सारे स्‍पोर्ट्स चैनल शायद ज़्यादा बेहतर दिखाते हैं। कुछ धर्म की बातें, जो आस्‍था और संस्‍कार के साथ भी आप देख सकते हैं।

टीवी चैनलों में इधर काफी कुछ बदलाव भी देखने को मिल रहे हैं। दर्शकों का सेगमेंटेशन हो चुका है। जिस तरह 90 के दशक में राष्‍ट्रीय अख़बार भी स्‍थानीय परिशिष्‍टांक निकालने को बाध्‍य होते गये ताकि हर इलाक़े के लोगों को उनकी बात मिल सके। उसी तरह टीवी भी इस दिशा में आगे बढ़ा है। लोकल चैनल आये हैं गली मोहल्‍ले की ख़बर लेकर। नालों में डीडीटी का छिड़काव हुआ या नहीं, खुला मेनहॉल बंद किया गया, आवारा पशु को बाड़े में डाला गया या नहीं। इस तरह की विषय-वस्‍तु के साथ वे अपने मोहल्‍ले के लोगों को लुभा भी रहे हैं। फैशन शो, गृहणियों के लिए पकवान प्रोग्राम, स्‍कूली बच्‍चों के वाद-विवाद प्रतियोगिता का पुरस्‍कार वितरण समारोह- ये सभी इसके हिस्‍से बन रहे हैं। बड़े चैनलों ने भी ऑप्‍ट आउट और एनसीआर चैनल के ज़रिये स्‍थानीयता को समेटने की कोशिश की है। उनमें लगे संसाधन और उनसे मिल रहे नतीज़े भी उनके लिए उत्‍साह बढ़ाने वाले हो सकते हैं। ये एक नया टीवी है और इनका एजेंडा नेशनल नेटवर्क वाले चैनलों से अलग हो सकता है। लेकिन नेशनल नेटवर्क मौजूदा आपाधापी की पत्रकारिता से कब आगे बढ़ेगा।

एक उम्‍मीद भी बंधती है। ये सब बदलेगा। तुरंत न सही कुछ साल में। इसके लिए कई सोच समांतर रूप से चल रही है। वो सोच अभी की व्‍यवस्‍था को तोड़ उससे अलग राह बना पाने में बेशक अभी क़ामयाब नहीं हो पा रही हो, लेकिन वो लगातार जारी है। वो सोच फिलहाल मौजूदा हिंदी टीवी पत्रकारिता में ही शामिल है। अलग-अलग तरह की ख़बरों के खले में शामिल रह कर वो इसके गुण दोष पर लगातार चिंतनशील है। ये वो सोच है जो ख़बरिया चैनलों की शुरुआत के साथ ही उससे जुड़ा... बहुत ऊंचे नहीं... निचले स्‍तर पर। जिसका वास्‍ता पिछले कई साल से लगातार फील्‍ड से है। वो डेढ़-दो मिनट की ख़बर कर कर के बोर होने लगा है। कुछ स्‍पेशल स्‍टोरीज़ भी की। कई ने बड़ा इंपैक्‍ट भी छोड़ा। गंभीर होने के बाद भी दर्शकों ने देखा और सराहा। लेकिन ये भी कहीं न कहीं टीआरपी जुगाड़ने की रणनीति बनाने में लगे रहने वाले नी‍तिकारों की मांग के मुताबिक... उनकी ज़द में फंसा नज़र आने लगा है।

दो रास्‍ते बचते हैं। या तो दर्शकों की फैंटेसी, उनके भीतर के डर, उनकी लालसा या कुछ स्‍तर पर कह सकते हैं कि उनकी कुंठा का फायदा उठाते हुए आगे बढ़ा जाए... या फिर वाकई में उनके वास्‍तविक सरोकारों वाले मुद्दों को ही फोकस में रखा जाए। दिक्‍कत ये है कि पब्लिक से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा एक के लिए मायने रखता है, तो दूसरा उसमें कोई दिलचस्‍पी नहीं लेता।

उसे इस बात का भी भान है कि ख़बर के साथ साथ टीआरपी भी ज़रूरी होगा। मार्केटिंग और मैनेजमेंट के लिहाज़ से। शायद उसके बिना लंबे समय तक सस्‍टेन करना मुश्किल होगा।