Showing posts with label कश्मीर के अनुभव. Show all posts
Showing posts with label कश्मीर के अनुभव. Show all posts

Wednesday, January 23, 2008

सर्दी दूर करने का मेरा तरीक़ा!

सही में कंपकपा देने वाली है इस बार दिल्ली की सर्दी। टीवी पर सुनता हूं तो और सर्दी लगती है। इस सर्दी को काटने के लिए पूरे उत्तर भारत के लोग तरह तरह के इंतज़ाम कर रहे हैं। कोई अलाव सेंक रहा है तो कोई लिहाफ से बाहर नहीं निकल रहा। मैंने भी सर्दी कम करने के लिए एक तरीक़ा निकाला। पुराने एल्बमों से सात आठ साल पहले की तस्वीरें निकालीं। कश्मीर में बर्फबारी के दिनों की। जब मैं वहीं हुआ करता था। बर्फ के बीच काम करता। बर्फ के बीच खेलता। मज़ा आता था। कभी गुलमर्ग में विंटर टूरिज़्म पर स्टोरी करता तो कभी सोनमर्ग स्नो पर वाइल्ड लाईफ के पदचिन्हों का पीछा करता उनकी तस्वीर उतारने की कोशिश करता, या फिर कभी मच्छोई ग्लेशियर पर जाकर विंटर वार फेयर ट्रेनिंग पर डॉक्युमेंटरी बनाता। एक बार तो जोज़िला दर्रे पर -15 डिग्री सेल्सियस पर नंगे बदन फोटो खिंचवाने की ज़िद कर बैठा। खिंचवा भी लिया। दिखा नहीं सकता। लेकिन कुछ तस्वीरें आपके सामने कर रहा हूं। शायद इसे देख कर सर्द इलाक़ों में रहने वाले साथियों की सर्दी भी कुछ कम हो जाए!

Sunday, May 6, 2007

चुसूल यात्रा-4: तांगसे पहुंचे

जम्मू और कश्मीर के लंबे दौरों में जिन अनुभवों से गुज़रा हूं, उनमें से कुछ यहां आपके सामने रखने की कोशिश कर रहा हूं। शुरुआत मैंने चुसूल की अपनी यात्रा से की है जिसकी तीन कड़ी आप देख चुके हैं। पेश है चौथी कड़ी... (तीसरी और उससे पहले की कड़ियों के लिए कृपया नीचे जाएं)

आखिरकार तीन दिन की कारगिल-द्रास यात्रा के वापस लेह लौटे। लेह के 246 ट्रांजिट कैंप के आॅफिसर्स मेस में थोडी देर आराम के बाद हम चुसूल की तरफ निकले। मौसम इस बार भी पैक था। लेकिन हम चलते गए क्योंकि रास्ता खुला मिला। लेकिन कारू से हम जैसे जैसे आगे जा रहे सड़क पर पर बर्फ की परत मोटी होती जा रही थी। जीप के पहिए बुरी तरह फिसलने लगे थे। क़रीब 15-20 किलोमीटर जाने के बाद हमें एक ट्रांजिट कैंप के पास रुकना पड़ा। देविन्दर ने बोला नाॅन स्किड चेन बांधे आगे जाना ख़तरनाक है। नाॅन स्किड चेन दरअसल एक ऐसी जंज़ीर है जिसे लपेट कर पहिए पर बांधा जाता है। बर्फ के लिहाज़ से तय किया जाता है कि ये गाड़ी के चारों पहिए पर बांधा या फिर एक यो दो पर बांधने से काम चल जाएगा। देविन्दर को मुश्किल से दो ही पहियों के लिए नाॅन स्किड चेन मिला था क्योंकि सर्दियों में नाॅन स्किड चेन की काफी मांग होती है इसलिए इसकी कमी हो जाती है। देविन्दर ने कहा कि पिछले दोनों पहिए पर चेन बांधने ज़्यादा ठीक हो। यही आम प्रैक्टिस है। ये किसी भी तरह की गाड़ी को बर्फ पर फिसलने से रोकता है।

हम जीप के बाहर आए। देविन्दर ने चेन निकाला। संजय को हमने ट्रांजिट कैंप के वेट कैंटीन की तरफ भेजा क्योंकि वहां से धुंआ निकल रहा था। उम्मीद थी कि शायद वहां चाय पीने को मिल जाए। वो उधर गया हम इधर चेन बांधने मे जुटे। ये अपने आप में बहुत मुश्किल काम है। पहले चेन को सड़क पर जीप के आगे इस तरह रखना होता है जिससे पहिया उस पर बराबर आ जाए। फिर जीप को इस हिसाब आगे बढ़ाना होता है कि पिछला दोनों पहिया चेन के बीचोंबीच आ जाए। देविन्दर कुशलहस्त था। थोड़ी मुश्किल के बाद ही वो जीप के पिछले दोनों पहियों को जंज़ीर पर बराबर लाने में सफल रहा। इसके बाद लोहे के तारों से जंज़ीर को पहिए पर लपेट कर बांधना होता है। हवा तेज़ चल रही थी। तेज़ हवा के झोंके साथ बर्फ के महीन टुकड़े शीशे के की तरह आकर खुले चेहरे औऱ हाथ पर लग रहे थे। चेन बांधते बांधते देविन्दर के हाथ से खून आने लगा था। लेकिन हम जंज़ीर बांधने में क़ामयाब रहे। संजय दूर से ये सब देख रहा था। जैसे ही काम पूरा हुआ उसने आवाज़ लगाई इधर आईए। हम जीप को किनारे मे खड़ी कर ख़ास तौर पर बर्फीले इलाक़े के लिए बनाए गए हट की तरफ गए। वहां दो कुछ फौज़ी चाय पीते नज़र आए। हमारी निगाह ने उनसे चाय मांगी। उन्होने कहा पीने का पानी नहीं है। लेकिन ऐसा शायद महानगरों में होता है कि दरवाज़े पर आए किसी आदमी को बिना पानी के लौटा दिया जाए। जिंदादिल सिपाहिए ने अपने एक साथी को थोड़ा उपर पहाड़ी की तरफ भेजा। साफ बर्फ लाने को। उस बर्फ को उन्होने गर्म किया। फिर उससे चाय बना कर हमारी तरफ स्टील के ग्लास में बढ़ाया। ग्लास जब तक होठों तक जाता चाय ठंडी हो चली थी। लेकिन फिर भी पीकर संतुष्टि मिली। शुक्रिया अदा कि और बिना समय गंवाए हम आगे की तरफ बढ़े।

नाॅन स्किड चेन बांधने के बाद होता ये है कि अगर आपको बर्फ भरी सड़क मिलती जाए तो गाड़ी तेज़ चला सकते हैं। लेकिन जैसे ही बिना बर्फ की सड़क मिलती है...गाड़ी टायर पर बंधी चेन की वजह से हिचकोले खाने लगती है। लिहाज़ा गाड़ी की गति बहुत धीमी करनी पड़ती है। 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते हुए हम चांगला टाॅप पर पहुंचे। यहां थोड़ी देर रुक कर बर्फ भरी वादी को निहारने के बाद हम आगे बढ़े। चांगला टाॅप से आगे तांगसे की तरफ जैसे जैसे हम नीचे उतरते गए। बर्फ कम होती गई। लिहाज़ा जीप की रफ्तार और कम होती गई।

आख़िरकार शाम को हम तांगसे पहुंचे। तांगसे का सबसे बड़ा परिचय यही है कि ये दुनिया में सबसे अधिक उंचाई पर स्थित ब्रिगेड हेडक्वार्टर है। 114 ब्रिगेड ने यहां हमारा स्वागत किया। रात हमें यहीं बिताना था। सो शाम का इस्तेमाल हमने ब्रिगेडियर विक्रम का इंटरव्यू कर किया। उन्होने चुसूल यहां चीन के साथ यहां 1962 में हुई लड़ाई का ब्योरा दिया। सड़क बनाए जाने के विवाद पर उन्होने कुछ भी बोलने से मना किया। इसके बाद हमने म्यूजियम देखा जहां 1962 की लड़ाई से जुड़ी यादें संभाल कर रखी गई हैं। यहीं मेजर शैतान सिंह और ध्यानचंद थापा की तस्वीरें भी लगी हैं जो चीन के साथ लड़ाई में बहादुरी के साथ शहीद हो गए।

यहां सर्दी हार गला देने वाली थी। फौज़ी पोशाक भी कम लग रहा था। सफ़र के थके थे। रात को खाना खाने के बाद तुरंत सोना चाह रहे थे। चुसूल अगले दिन सुबह सुबह निकलना था। उससे पहले थोड़ा आराम ज़रुरी था। आॅफिसर्स मेस में हमें सोने को स्लिपिंग बैग दिया गया। मैं और संजय दोनों ने एक दूसरे की तरफ देखा। दरअसल स्लिपिंग बैग में हमें सोने की आदत नहीं थी इसलिए अजीब लग रहा था। पर वहां कोई चारा नहीं था। बिस्तर पर आप चाहे जितने कंबल-रजाई डाल लो, ठंड से बचाव नहीं हो सकता। वो भी तब जब आपके कमरे में चौबीसों घंटे किरासन तेल, लकड़ी या कोयला से जलने वाला बुखारी जलता रहता है। मौक़े की ज़रुरत देख कर हमने जैसे जैसे अपने को स्लिपिंग बैग में क़ैद किया और सो गए। थकान के मारे नींद कब आ गई पता ही नहीं चला।

अगले दिन सुबह क़रीब 6 बजे उठ कर तैयार होने लगे। टाॅयलेट में गए तो पानी नहीं था। जिसकी ज़िम्मेदारी पानी देने की थी वो भागा भागा आया। बोला साब आप पहले निपट लो। फिर आवाज़ देना हम पानी बढ़ा देगें। मैंने हैरानी जताई ऐसा कैसे हो सकता है। वो बोला साब ऐसे ही करना पड़ेगा। पानी अगर में पहले दे दूंगा और अगर आपने देर लगाई तो वो जम जाएगा। आपको फिर आवाज़ लगानी पड़ेगी। लिहाज़ा आप पहले फारिग हो लो। मैंने कहा ऐसा नहीं हो सकता। तुम पहले पानी दे दो। उसने खौलते पानी का बाल्टी टाॅयलेट में रख दिया। ये कहते हुए कि देर मत करना। मैंने भी नित्यक्रिया जल्द निपटायी और बाहर आ गया।

अब हम तांगसे से आगे चुसूल के रास्ते पर थे। जैसे जैसे आगे बढ़ते जा रहे थे बर्फ के निशान मिटते जा रहे थे। खुला आसमान, खुली घूप। लेकिन ठंड में कोई राहत नहीं थी। कुछ किलोमीटर पक्की सड़क पर चलने के बाद हम परमा पहुंचे। परमा के आगे बिल्कुल कच्ची सड़क थी। भौगोलिक बनावट भी बदल चुकी थी। बर्फ से भरी पहाड़ों की जगह टीलेनुमा पहाड़ियों ने ले ली थी। लेकिन जो बात मुझे ज़्यादा हैरान कर रही थी वो ये कि इस इलाक़े में पक्की सड़क नाम की कोई चीज़ नहीं थी। फिर मुझे थपलियाल साब की बात याद आई कि ये ऐसा इलाका है कि जिस तरफ चल पड़ोगे रास्ता निकल आएगा। हम पहले से गुज़री गाड़ियों के टायरों के निशान का पीछा करने लगे। रास्ता एक दो जगह पूछना भी पड़ा। आख़िरकार हम तांगसे से क़रीब 80 किलोमीटर दूर चुसूल पहुंचे।

पांचवी कड़ी में जारी...

Thursday, May 3, 2007

चुसूल यात्रा-3 : एवलांच में फंसे

तीसरी कड़ी... (दूसरी कड़ी के लिए नीचे जाएं)

तो अगली सुबह यानि 19 दिसंबर को चुसूल के लिए निकलना था। जो गर्म कपड़े हम पहन कर गए थे वो नाकाफ़ी थे। सेना की तरफ से हमें स्नो बूट, मोटी जुराबें, मोटी जैकेट जैसी चींज़ें दी गईं। (आप ऊपर जिस तस्वीर में मुझे देख रहे हैं... सिर से पांव तक 16 कपड़े पहने हुआ हूं। इसलिए इतना मोटा दिख रहा हूं।) हम हर तरह से लैस हो चुके थे। इंतज़ार सुबह का था।

वो सुबह आयी भी। सेना की महिंन्द्रा जीप और सेना के ही ड्राईवर देविन्दर के साथ निकले। लेकिन हमें बता दिया गया था कि आज सीधे हम चुसूल नहीं पहुंच सकते। रात को तांगसे में रुकना होगा जो कारू से है महज़ 60 किलोमीटर पर पहुंचने में लगेंगे 8 से 10 घंटे। बर्फ भरे रास्ते के हिसाब से वहां तक पहुंचते पहुंचते ही शाम हो जाने की उम्मीद थी। चुसूल उससे भी क़रीब ४० किलोमीटर आगे है। तो पड़ाव तांसगे ही करना था। लेकिन क़िस्मत में कुछ और ही लिखा था।

हम निकल पड़े। हल्की घूप निकल आयी थी। लेह के बारे में दिलचस्प जानकारी ये है कि यहां सबसे ज़्यादा क्लोज़ वेदर होता है यानि बादलों से घिरा मौसम लेकिन सबसे ज़्यादा सनी डेज़ भी यहीं होता है। मतलब बादल आते हैं छाते हैं पर किसी ना किसी समय चमकता सूरज भी दिखाई पड़ जाता है। ये मेरी जानकारी कहती है। ऐसी ही एक और जानकारी है कि लेह एक ऐसी जगह जहां एक ही समय में फ्रास्ट बाईट और सन बर्न हो सकता है। कैसे? ये जानना दिलचस्प है। अगर घूप खिली है तो वो काफी तीखी होती है। आप नंगी पीठ किए घूप सेंक रहे हैं तो आपकी पीठ पर सनबर्न हो सकता। लेकिन सामने की तरफ बह रही ठंडी हवा से आपको फ्राॅस्ट बाईट हो सकता है। हालांकि नंगी पीठ यहां कोई धूप नहीं सेंकता लेकिन जानकारी दिलचस्प है इसलिए ज़िक्र कर रहा हूं।

हम कारू से ३-४ किलोमीटर आगे निकल आए थे। भारत-अक्साई चीन सीमा देखने का जोश हिलोरें ले रहा था। लेकिन वो अभी दूर था। सामने की सड़क पर पहाड़ से बर्फ फिसल कर गिरती नज़र आ रही थी। पहले धीरे धीरे रेत की तरह। फिर वो तेज़ होती जा रही थी। पहाड़ दायीं तरफ था और सड़क बायीं कगार पर। हम देख कर मज़े ले रहे थे। पर देविन्दर ने ख़तरे को भांपा। ये एक एवलांच की शुरुआत थी। उसने तेज़ी से जीप आगे निकालने की कोशिश की। लेकिन तभी सामने सेना की ही एक ३टन ट्रक फंसी नज़र आयी। उसके पहिए बर्फ में घंस चुके थे। उसमें सवार जवान नीचे उतर कर बेलचे से बर्फ हटाने की कोशिश कर रहे थे।

मैं अपनी जीप की आगे की सीट पर बैठा था। मैने संजय से कैमरा मांगा और रोल करना शुरु कर दिया। देविन्दर ने बोला आगे नहीं जा सकते। मैं वापस लौटने के मूड में नहीं था। देविन्दर ने मज़ाक में कहा साब उपर से ज़्यादा बर्फ गिरी तो हम उसमें दब जाएगें. बह कर कहां जाएंगे पता नहीं। दो तीन साल बाद हंसते हुए मिलेगें। खाली शरीर में जान नहीं होगी। बाक़ी हमारी बाॅडी बर्फ में खराब नहीं होगी। मैने कहा चलो दुनिया से जा कर भी एक स्टोरी दे जाएगें। ये सारी बातें १०सेकेंड के भीतर हुईं। हम सभी हंसे। लेकिन जल्दी फ़ैसला लेना था। एक सच्चे फौज़ी की तरह देविन्दर को आदेश का इंतज़ार था। उसने जीप बैक करना तब तक शुरु नहीं किया जब तक मैंने नहीं कहा। मैंने भी फैसला लेने में मुश्किल से एक मिनट लगाए होगें। तब तक जीप के पीछे भी बर्फ फिसलने की आहट हुई। रियर मिरर में देविन्दर ने ये देख लिया। जीप से बाहर हम निकलना नहीं चाहते थे क्योंकि तीन लोगों की सांसों से जीप के भीतर तब हल्की गरमाहट पैदा हो गई़ थी।

सर्दी हार गला देने वाली थी। देविन्दर ने तेज़ी से रिवर्स गियर डाल जीप पीछे लिया। पीछे सड़क कुछ दूर तक सीधी थी। ये राहत की बात थी। जीप जैसे ही पीछे हुई सामने वाली जगह पर बर्फ भरभरा कर गिरी। इतनी गिरी की जीप वहां होती तो उसे अपने साथ लेते हुए बायीं तरफ की हज़ारों फीट की गहराई में बह जाती। सड़क बंद हो चुकी थी। हम थोड़ी देर के लिए जीप से बाहर आए। हालात का जायज़ा लिया। देविन्दर बोला सर वापस कारु जाना होगा। और कोई उपाय नहीं है। मैने पूछा बर्फ के उस पार जो जवान रह गए हैं वो क्या करेगें। देविन्दर ने बताया वो पैदल मार्च करेगें अगले ट्रांजिट कैंप तक। गाड़ी फंसने की हालत में यही स्टैंडिंग आर्डर होता है। सेट पर बात कर भी बातें तय होती हैं। ख़ैर हमारे पास कारू लौटने के अलावा और कोई रास्ता नहीं था। हम वापस लौट आए। पता चला कि एवलांच कई जगहों पर हुआ है और ऐसा हुआ है कि कम से कम तीन दिनों तक रास्ता क्लियर होने की उम्मीद नहीं है।

तीन दिनों तक हम बैठे नहीं रह सकते थे। पता किया इन तीन दिनों का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं। क्या कारगिल की तरफ जा सकते हैं। पता चला लेह से कारगिल तक का रास्ता भी रिस्की है पर भारी बर्फबारी में भी ये कभी कभार ही बंद होता है। उस समय कोई दिक्कत की ख़बर नहीं थी। फिर हमने अपने प्रोग्राम बदला। कारगिल और द्रास की तरफ निकल गए। इस यात्रा के बारे में आगे बताउंगा। अगली कड़ी में बताउंगा कि आख़िर कैसे हम चुसूल के थाकुन ओपी तक पहुंचे। आपको भी रोमांच का अनुभव होगा।

चौथी कड़ी में जारी... (इंतज़ार कराने के लिए माफ़ी चाहता हूं)

Wednesday, May 2, 2007

चुसूल यात्रा-2 : राह की चुनौती

दूसरी कड़ी... (पहली कड़ी के लिए नीचे जाएं)

एयरपोर्ट पर हमें लेने कोई गाड़ी नहीं पहुंची थी। सेना की गाड़ी को आना चाहिए था लेकिन शायद सूचना में ग़लतफ़हमी के चलते ऐसा नहीं हुआ। एयरपोर्ट बिल्डिंग के बाहर आते ही टैक्सी वालों ने हमें घेर लिया। उन्होने पूछा कहां जाना है। उस समय हमें सेना के ३डिव मुख्यालय तक जाना था जो कारू में था। लेह एयरपोर्ट से क़रीब 40 किलोमीटर दूर। लेकिन टैक्सी वालों से मैने कह दिया सीधा चुसूल जाना है। वे आपस में बुदबुदाने लगे। मैने पूछा कौन चलेगा। कितना पैसा लेगा। सभी चुप थे। आख़िरकार एक बुजुर्ग टैक्सी वाले ने कहा साब मैं चलुंगा। पर जाने जाने का 25 हज़ार रुपये लुंगा। पूरा पैसा एडवांस देना होगा। मैंने हैरानी जतायी इतना ज़्यादा। जाने का 25 हज़ार...और आने का? साब अगर ठीक ठीक पहुंच गए तो वापसी फ्री में। और एडवांस इसलिए कि पैसा घर छोड़ कर जाउंगा। इससे आगे वो कुछ नहीं बोला। हम समझ गए कि दिसंबर का महीना और भारी बर्फबारी के चलते रास्ता बेहद मुश्किल है। ऐसे में सेना से मदद लिए बग़ैर आगे बढ़ना मुनासिब नहीं था। चुसूल में जहां तक हमें जाना था वहां तक वैसे भी कोई सेना की सहमति और मदद के बिना नहीं पहुंच सकता। ठंड में तो बिल्कुल भी नहीं।
हमने कारु तक टैक्सी किराए पर ली। ३डिव मुख्यालय पहुंच कर हमने मेजर जेनरल शेरु थपलियाल से मुलाक़ात की। मक़सद चुसूल जाना था। दिल्ली के सेना मुख्यालय की सहमति हमें मिली हुई थी। सूचना उनके पास भी थी। लेकिन हमें बताया गया कि मौसम ख़राब होने की वजह से कई जगह सड़क बंद हो चुकी थी। बर्फ में दब चुकी थी। हमने ज़ोर डालना ठीक नहीं समझा। मौसम पर किसी का ज़ोर नहीं चलता। ये बात आपको तब और समझ में आती है जब आप एक ऐसे इलाक़े में होते हो जहां आपकी हरेक गतिविधि मौसम ही तय करता हो। तय किया कि अगले दिन सुबह निकलेंगे।
दोपहर का इस्तेमाल हमने मेजर जेनरल का इंटरव्यू कर किया। जिस जानकारी के आधार पर हम स्टोरी करने यहां तक पहुंचे थे, उन्होंने उसकी तस्दीक की। लेकिन थोड़े अलग तरीक़े से। कहा कि एलएसी के इस तरफ भारतीय इलाक़े में चीन ने कोई पक्की सड़क तो नहीं बनायी है लेकिन एक अलाईनमेंट ( या यों कहें कि रास्ता) ऐसा ज़रुर बना लिया है जिसका इस्तेमाल वो गाड़ी से बोर्डर पेट्रोलिंग के लिए करने लगे हैं। सेना के एक आला अधिकारी या किसी भी अधिकारी ने पहली बार ये बात कैमरे के सामने स्वीकारी। ये बड़ी बात थी। क्यों और कैसे... और भारतीय सेना का इस मसले पर क्या कदम उठाया इसका ज़िक्र मैं आगे करुंगा।

तीसरी कड़ी में जारी...

चुसूल यात्रा-1 : दिल्‍ली से लेह


जम्‍मू और कश्‍मीर के लंबे दौरों में कुछ ऐसे मौके आये, जो हमेशा के लिए जेहन में बस गये। ऐसे वाकयों की तारीख़ बेशक ठीक ठीक याद न आये, क्‍योंकि डायरीनुमा लिखाई कभी की नहीं, पर पूरा वाकया नज़र के सामने यूं ही उतर आता है। जैसे चुसूल की यात्रा। यहां लाईन आॅफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी)का उल़लंघन कर चीन द्वारा क़रीब ३ किलोमीटर लंबी सड़क बना लेने से भारत-चीन सीमा विवाद में एक नया पेंच जुड़ गया। मामले की थाह लेने हम भारत-अक्साई चीन सीमा तक पहुंचे। थाकुन आॅब्जर्वेशन पोस्ट (ओपी) तक की इस यात्रा में कई उतार चढ़ाव आए। चीज़ें जिस तरह से होतीं गईं वैसे ही बताने की कोशिश कर रहा हूं। शुरुआत कर रहा हूं दिल्‍ली से लेह तक के हवाई सफर से...



पहली कड़ी


18 दिसंबर 2000... सुबह साढ़े पांच बजे लेह की फ्लाइट पकड़नी थी। एलायंस एयर की फ्लाइट थी। इस एयरलाइंस से ये पहला वास्‍ता था। आदत जेट, सहारा या बुरे से बुरे वक्‍त में भी इंडियन एयरलाइंस की पड़ी थी। लेकिन रनवे पर खरखराये ट्रक की तरह खड़े एयरक्राफ्ट को देख कर पटना में हुए एयरक्रैश की याद ताज़ा हो आयी। मन को मज़बूत कर सवार हुआ। कैमरामैन संजय रोहिल्‍ला को भी ढांढ़स बढाया। बार बार बुरा नहीं होता।

अंदर घुस एयर हॉस्‍टेस की तरफ टिकट बढ़ाया। एयरक्राफ्ट की तरह वो भी ज़िन्‍दगी से थकी हारी लगी। इशारा किया जिधर मर्जी बैठ जाओ। सीट नंबर का पंगा नहीं है। मैं खिड़की की तरफ की एक सीट पर जा बैठा। बैठने के पहले एयर हॉस्‍टेस को दिखाते हुए सीट को रूमाल से इस तरह झाड़ा, जैसे पनवारी की दुकान के बाहर लगे किसी स्‍टूल पर बैठने के पहले झाड़ते हैं। ये देख कर फिर किसी एयर हॉस्‍टेस ने मेरी तरफ रुख नहीं किया।

क्‍योंकि ऐसी सुविधा हमेशा नहीं मिलती थी और खिड़की किनारे मैं ही बैठा करता था। लिहाज़ा इस बार संजय ने भी एक खिड़की पकड़ ली। मेरे बगल की सीट खाली थी। तभी एक लड़की की आवाज़ आयी। मैं यहां बैठ जाऊं। घूम कर देखा तो नयी नयी शादी हुई लड़की थी। भरी कलाई चूड़ियां और मांग में सिंदूर। मैंने कहा- बैठ जाइए। फिर काफी देर तक कोई बात नहीं हुई। जब फ्लाइट ने टेक ऑफ किया तो अचानक ही उसने अपने आप को मेरी सीट की तरफ सिकोड़ लिया। बोल पड़ी- पहली बार बैठी हूं। डर लग रहा है। मैंने उसे पहले नज़रों से भरोसा दिलाया और फिर पूछा तो उसने नाम बताया- श्‍वेता बैजल। करोलबाग दिल्‍ली की रहने वाली। मेजर बैजल से हाल ही में शादी हुई थी। शादी के तुरंत बाद वो लेह चले गये थे। वो उनके पास जा रही थी। ऐसी ही छोटी मोटी बातें करते रोहतांग दर्रे के ऊपर से गुज़रे। फिर हम लद्दाख के ऊपर आ गये।



खिड़की के बाहर का नज़ारा देखने लायक था। बर्फ से ढंके पहाड़। बीच में अपनी पहली किरणें फैलाता सूरज। मैं बार बार बाहर का लुत्फ उठा लेता। लेकिन श्वेता की दिलचस्पी इन नज़ारों की बजाए पति के पास जल्द पहुंचने में लग रही थी। पहली हवाई यात्रा उसे परेशान कर रही थी। एयर पॉकेट्स की वजह से जब भी एयरक्राफ्ट झटका खाता उसके चेहरे पर सिकन आ जाती। लेकिन एलायंस एयर की उस फ्लाइट ने टिकट की लाज रख ली। सभी यात्रियों को सही सलामत लेह एयरपोर्ट पर उतार दिया।

लेह एयरपोर्ट पर उतरते ही थोड़ी भारहीनता महसूस होती है। हवा में ऑक्‍सीजन भी कम है। इसलिए दो कदम चलने पर इंसान हांफने लगता है। ऐसा तब तक होता है, जब कि उस माहौल से शरीर का तालमेल न बैठ जाए। इसका असर मुझ पर भी था। लेकिन श्‍वेता ज़्यादा परेशान नज़र आयी। उसे लगातार मितली आ रही थी। सहारा देकर उसे एयरपोर्ट बिल्डिंग तक लाया। वहां उसने अपने को संभाला। कहा बाहर मेजर साब इंतज़ार कर रहे होंगे। मैं खुद चली जाऊंगी। और कुछ नहीं कहा। लगा शायद उसका मेरे साथ बाहर जाना मेजर साब को पसंद न आये। बाहर मेजर साहब अपने जवानों के साथ इंतज़ार कर रहे थे। पत्नी के आने की खुशी चेहरे पर नज़र आ रही थी। मुश्किलात भरे इलाक़ों में तैनात फौज़ियों को परिवार के साथ रहने का मौक़ा मिल जाए तो ये उनकी ज़िंदगी की सबसे बड़ी खुशी होती है। एक ऐसे लम्हें का मैं गवाह बना। मेजर साब ने श्‍वेता को अपनी आर्मी जिप्‍सी में बिठाया और चल दिये।
हम जिस मक़सद से लेह पहुंचे उसे पूरा करने की चुनौती हमारे सामने थी।


दूसरी कड़ी में जारी... (दूसरी कड़ी के लिए ऊपर जाएं)